देहरादून- उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है और मंगलवार को भी राज्य के कई हिस्सों में खराब मौसम का असर बना रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और ऊधमसिंह नगर जिलों के कुछ इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ गरज-चमक, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है। साथ ही करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
राज्य के अन्य जिलों में भी मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा, जहां येलो अलर्ट के तहत हल्की से मध्यम बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। पहाड़ी इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत बताई गई है।
ऊंचाई वाले क्षेत्रों, खासकर 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई पर स्थित इलाकों में बर्फबारी की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले स्थानों से दूर रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।