Cyclone Motha in four state: बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवात ‘मोंथा’ अब तेज़ी से गंभीर रूप लेता जा रहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि यह चक्रवात 28 अक्तूबर की शाम तक आंध्र प्रदेश के काकीनाडा के पास मछिलीपट्टनम और कालिंगपट्टनम के बीच समुद्री तट से टकरा सकता है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है।
कौन कौन से राज्य ‘मोंथा’ से होंगे प्रभावित
‘मोंथा’ के प्रभाव को देखते हुए आंध्र प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में 28 से 31 अक्तूबर के बीच भारी बारिश और तेज़ हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने इन राज्यों को रेड अलर्ट पर रहने की सलाह दी है।
आंध्र प्रदेश सरकार का प्लान तैयार
आंध्र प्रदेश सरकार ने संभावित आपदा से निपटने के लिए व्यापक एक्शन प्लान तैयार किया है। सभी विभागों को अलर्ट पर रखा गया है और राहत सामग्री, खाद्यान्न, ईंधन एवं आवश्यक वस्तुओं की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित कर दी गई है। सरकारी दुकानों में 26 अक्तूबर तक खाद्यान्न का भंडारण पूरा कर लिया गया है।
ओडिशा सरकार का अलर्ट मोड ऑन
ओडिशा सरकार ने भी आपदा प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं। राज्य के सभी 30 जिलों में प्रशासन, राहत दलों और आपदा प्रबंधन एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। मौसम विभाग ने चेताया है कि 28 से 30 अक्तूबर तक राज्य के कई हिस्सों में लगातार भारी बारिश हो सकती है।
पश्चिम बंगाल में सेफ मोड ऑन
पश्चिम बंगाल में भी ‘मोंथा’ के असर को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। दक्षिण 24 परगना, झारग्राम, पूरबा और पश्चिम मिदनापुर जिलों में सोमवार से गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। 28 अक्तूबर को इन जिलों में कई इलाकों में तेज़ बौछारें पड़ सकती हैं।
