Kyunki Saas Bhi Kabhi Bahu Thi 2: टीवी जगत के चर्चित शो क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2 को लेकर हाल ही में बंद होने की खबरों ने दर्शकों को चौंका दिया था। हालांकि अब चैनल ने इन अफवाहों पर पूरी तरह विराम लगा दिया है।
स्टार प्लस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए साफ किया है कि शो को बंद करने की कोई योजना नहीं है। चैनल ने कहा कि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा था कि शो को ऑफ एयर कर उसकी जगह नया सीरियल लाया जाएगा, लेकिन यह पूरी तरह गलत और निराधार है। फिलहाल इस लोकप्रिय शो के खत्म होने की कोई तय तारीख नहीं है।
इस शो में स्मृति ईरानी एक बार फिर तुलसी विरानी के किरदार में नजर आ रही हैं, जिसे दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है। यही वजह है कि शो लगातार टीआरपी चार्ट में शीर्ष स्थान पर बना हुआ है।
हाल ही में जारी हुई टीआरपी रिपोर्ट के अनुसार, ग्यारहवें हफ्ते में ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ ने 2.0 की रेटिंग के साथ पहला स्थान हासिल किया। वहीं इसके स्पिन-ऑफ शो क्योंकि रिश्तों के भी रूप बदलते हैं को 1.9 की टीआरपी के साथ दूसरा स्थान मिला है।
इन आंकड़ों से साफ है कि दर्शकों के बीच इस फ्रेंचाइज़ी की लोकप्रियता बरकरार है और फिलहाल इसके बंद होने की खबरों में कोई सच्चाई नहीं है।
