अयोध्या: रामनगरी अयोध्या स्थित राम जन्मभूमि मंदिर में राम जन्मोत्सव की भव्य तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आज यहां भगवान राम के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में रामलला का विशेष “सूर्य तिलक” किया जाएगा, जो करीब चार मिनट तक चलेगा। यह दिव्य क्षण ठीक उसी समय संपन्न होगा, जिस समय को भगवान राम के जन्म का समय माना जाता है।
गुरुवार को मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। अनुमान है कि देर शाम तक दो लाख से अधिक भक्तों ने रामलला के दर्शन किए। भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए मंदिर प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए, जिसके तहत मंदिर को सामान्य समय से एक घंटे पहले खोल दिया गया और रात 10 बजे तक दर्शन जारी रहे।
श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुचारू बनाए रखने के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं। अंगद टीला की ओर से आने वाले भक्तों को रामपथ की दाईं लेन से निकाला जा रहा है, जबकि मंदिर प्रवेश की बाईं लेन को पूरी तरह आरक्षित रखा गया है।
सूर्य तिलक को सफल बनाने के लिए तकनीकी स्तर पर भी विशेष तैयारियां की गई हैं। लगातार तीसरे दिन इसका ट्रायल सफल रहा, जिसमें दोपहर ठीक 12 बजे सूर्य की किरणें रामलला के मस्तक पर पड़ीं और करीब चार मिनट तक यह अलौकिक दृश्य बना रहा। इस प्रक्रिया के लिए मंदिर के ऊपरी हिस्से में विशेष रिफ्लेक्टर, लेंस और दर्पण लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से सूर्य की किरणें सटीक रूप से भगवान के ललाट पर तिलक के रूप में दिखाई देती हैं।
इस बार रामनवमी का महत्व और बढ़ गया है, क्योंकि इस दिन रवि योग और सर्वार्थसिद्धि योग का विशेष संयोग बन रहा है। साथ ही, अभिषेक, शृंगार और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा, जिससे देश-विदेश के श्रद्धालु इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बन सकेंगे।
